scorecardresearch
Friday, 2 October, 2026
होमदेशअर्थजगतजम्मू-कश्मीर में दो चूना पत्थर ब्लॉक की हुई सफल नीलामी: केंद्र

जम्मू-कश्मीर में दो चूना पत्थर ब्लॉक की हुई सफल नीलामी: केंद्र

Text Size:

नयी दिल्ली, दो अक्टूबर (भाषा) केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में दो खनिज ब्लॉक की सफलतापूर्वक नीलामी हुई है। यह इस क्षेत्र में संगठित खनिज विकास की शुरुआत का प्रतीक है।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने खनिज ब्लॉक की नीलामी का जिम्मा केंद्रीय खान मंत्रालय को सौंपा था।

दो चूना पत्थर ब्लॉक की बिक्री से केंद्र शासित प्रदेश में नए निवेश और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। खनन और संबंधित गतिविधियों के विकास से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के बड़े अवसर पैदा होने और स्थानीय व्यवसायों, उद्यमियों, सेवा प्रदाताओं तथा संबद्ध उद्योगों के लिए नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

खान मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि कूट-कापरन चूना पत्थर ब्लॉक में अनुमानित 47.5 लाख टन चूना पत्थर मौजूद हैं। इस ब्लॉक की खोज जी-4 स्तर तक की गयी है, जो आगे विस्तृत अन्वेषण और विकास की गुंजाइश प्रदान करता है।

खनन में जी-4 स्तर का तात्पर्य प्रारंभिक टोही सर्वेक्षण चरण से है, जो खनिज की बेहतर संभावना वाले क्षेत्रों की पहचान करने के लिए सबसे पहला क्षेत्रीय खोज चरण होता है।

वांत्राग चूना पत्थर ब्लॉक में अनुमानित 1.08 करोड़ टन संसाधन हैं। इस ब्लॉक की खोज 159 मीटर की ड्रिलिंग सहित जी-3 स्तर तक किया गया है, जो प्रारंभिक अन्वेषण चरण को दर्शाता है।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments