scorecardresearch
Friday, 2 October, 2026
होमदेशअर्थजगतभारतीय नौवहन निगम को चालू वित्त वर्ष में 2,000 करोड़ रुपये के मुनाफे की उम्मीद: सर्बानंद सोनोवाल

भारतीय नौवहन निगम को चालू वित्त वर्ष में 2,000 करोड़ रुपये के मुनाफे की उम्मीद: सर्बानंद सोनोवाल

Text Size:

मुंबई, दो अक्टूबर (भाषा) बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय नौवहन निगम (एससीआई) को चालू वित्त वर्ष में 2,000 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ होने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी अपने बेड़े में 30 जहाजों और अन्य 51 कंटेनर जहाजों को शामिल करने की योजना बना रही है।

कंपनी की 2025-26 की वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार एकल आधार पर एससीआई ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1,352.92 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। इस दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 5,778.1 करोड़ रुपये था।

एससीआई के 65वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर सोनोवाल ने संवाददाताओं से कहा, ”पिछले साल शुद्ध लाभ 1,326 करोड़ रुपये था। इस साल पहली तिमाही में ही कंपनी 600 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ हासिल कर चुकी है। इस लिहाज से चालू वित्त वर्ष में यह 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ दर्ज करने जा रही है।”

मंत्री ने बताया कि इस समय एससीआई के बेड़े में 58 जहाज हैं और ”हम इसे और बढ़ाना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा, ”वे संयुक्त उद्यम स्थापित करने के लिए पेट्रोलियम क्षेत्र की कंपनियों के साथ हाथ मिला रहे हैं और इनसे मिलने वाली आय के जरिए 34 से अधिक जहाज खरीदे जाएंगे।”

सोनोवाल ने कहा कि एससीआई 51 कंटेनर जहाजों को शामिल करने के लिए कॉनकॉर और चार प्रमुख बंदरगाहों के साथ भी सहयोग कर रही है।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments