scorecardresearch
Tuesday, 3 November, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया नौ पैसे मजबूत होकर 94.75 प्रति डॉलर पर

रुपया नौ पैसे मजबूत होकर 94.75 प्रति डॉलर पर

Text Size:

मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) रुपया मंगलवार को नौ पैसे मजबूत होकर 94.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में भारी लिवाली के बीच विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ने से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.68 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह मजबूत होकर 94.60 प्रति डॉलर के उच्चस्तर तक पहुंच गया। कारोबार के अंत में रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले नौ पैसे की बढ़त के साथ 94.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया सोमवार को आठ पैसे टूटकर 94.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले शुक्रवार को इसमें 50 पैसे की मजबूती दर्ज की गई थी।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और डॉलर में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।

चौधरी ने कहा, ‘‘घरेलू बाजारों में मजबूती और दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर में बदलाव की संभावनाओं के बीच रुपये में सकारात्मक रुख रहने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.40 से 95 रुपये के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत बढ़कर 101.69 पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.86 प्रतिशत मजबूत होकर 105.67 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के कुछ ठिकानों पर नए हमले किए जाने की खबरों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। इससे वैश्विक व्यापार बाधित होने की आशंका बढ़ गई।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत चढ़कर 76,917.85 अंक पर और निफ्टी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 6,836.81 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments