नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) देश की अग्रणी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 40.6 प्रतिशत बढ़कर 25,548 करोड़ रुपये रहा। रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार और डिजिटल कारोबार में वृद्धि से कंपनी के मुनाफे को समर्थन मिला, जबकि खुदरा कारोबार का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 18,165 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। वहीं, चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 20,946 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि सितंबर तिमाही में उसकी परिचालन आय सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 3.38 लाख करोड़ रुपये हो गई। प्रति शेयर आय भी पिछले साल की समान तिमाही के 13.42 रुपये से बढ़कर 18.88 रुपये हो गई।
कंपनी के तेल से लेकर दूरसंचार और खुदरा कारोबार तक फैले व्यवसाय में रिफाइनिंग मार्जिन बेहतर होने से तेल-से-रसायन कारोबार की लाभप्रदता बढ़ी। वहीं, प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (एआरपीयू) में वृद्धि से डिजिटल सेवा कारोबार को भी मजबूती मिली।
हालांकि, खुदरा कारोबार के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की कुल वृद्धि की रफ्तार को सीमित कर दिया।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.