नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) खेल के जूते, परिधान और खेल सामग्री बनाने वाले ब्रांड रीबॉक की बिक्री भारत में पिछले तीन साल में दोगुना से अधिक हो गई है। आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी आदित्य बिड़ला लाइफस्टाइल ब्रांड्स लिमिटेड (एबीएलबीएल) ने यह जानकारी दी।
कंपनी ने कहा कि इस दौरान रीबॉक के स्टोर की संख्या बढ़कर 210 से अधिक हो गई है।
कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, रीबॉक के लिए भारत में अब भी विस्तार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इसी को देखते हुए कंपनी अगले कुछ साल तक हर वर्ष 40 से 50 नए स्टोर खोलने की योजना पर काम कर रही है।
एबीएलबीएल के उप प्रबंध निदेशक विशाल कुमार ने हालिया तिमाही नतीजों की समीक्षा बैठक में कहा कि रीबॉक की वृद्धि की रफ्तार मजबूत बनी हुई है, लेकिन नेटवर्क विस्तार के मामले में अभी काफी संभावनाएं शेष हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ब्रांड के 210 से अधिक स्टोर हैं और यह संख्या आने वाले वर्षों में लगातार बढ़ाई जाएगी।
कंपनी के अनुसार, मार्च तिमाही में रीबॉक ने लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।
उन्होंने कहा कि नए उत्पादों की मांग भी बिक्री को गति दे रही है। हाल ही में पेश किए गए मल्टी-कोर्ट शूज की श्रृंखला को बाजार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
उन्होंने कहा कि छोटे शहरों और उभरते खुदरा केंद्रों में भी रीबॉक के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं। कंपनी महानगरों के अलावा नए मॉल, उभरते बाजारों और छोटे शहरों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (एबीएफआरएल) ने ऑथेंटिक ब्रांड्स ग्रुप (एबीजी) के साथ दीर्घकालिक लाइसेंसिंग समझौता कर भारत और कुछ आसियान देशों में रीबॉक के उत्पादों के वितरण और बिक्री के विशेष अधिकार हासिल किए थे। बाद में ब्रांडेड परिधान कारोबार के पुनर्गठन के बाद रीबॉक को एबीएलबीएल के अंतर्गत शामिल किया गया।
कंपनी का मानना है कि उत्पाद नवाचार, श्रेणी विस्तार और नए बाजारों में पहुंच बढ़ाने की रणनीति के बल पर रीबॉक की वृद्धि आने वाले समय में भी जारी रहेगी।
भाषा अजय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.