scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशअर्थजगतनैसकॉम ने फ्रैक्टल के सह-संस्थापक श्रीकांत वेलमकन्नी को चेयरमैन नियुक्त किया

नैसकॉम ने फ्रैक्टल के सह-संस्थापक श्रीकांत वेलमकन्नी को चेयरमैन नियुक्त किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) देश की कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी फ्रैक्टल के सह-संस्थापक और समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीकांत वेलमकन्नी को नैसकॉम का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। प्रौद्योगिकी कंपनियों के शीर्ष निकाय नैसकॉम ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

वेलमकन्नी ने एसएपी लैब्स इंडिया की प्रबंध निदेशक सिंधु गंगाधरन का स्थान लिया है, जिनका चेयरमैन के रूप में कार्यकाल अप्रैल 2026 में पूरा हो रहा है।

नैसकॉम ने बताया कि किशोर पाटिल को संस्था का वाइस चेयरमैन चुना गया है। पाटिल केपीआईटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक हैं।

नैसकॉम के अनुसार, वेलमकन्नी देश की शुरुआती और एआई आधारित प्रमुख कंपनियों में से एक के सह-संस्थापक हैं और उनके पास कृत्रिम मेधा, डेटा विश्लेषण और वैश्विक बाजार की गहरी समझ है, जो इस समय उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है।

वेलमकन्नी नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार और कार्यकारी परिषद के साथ मिलकर उद्योग की दिशा तय करेंगे।

वेलमकन्नी ने कहा कि इस बेहद महत्वपूर्ण समय पर नैसकॉम के चेयरमैन का पद संभालकर उन्हें खुशी है।

उन्होंने कहा, ‘एआई क्षेत्र में हो रही प्रगति से छोटे और बड़े सभी कारोबारों के लिए अपने कामकाज को नए तरीके से ढालने के अभूतपूर्व अवसर खुल रहे हैं। इस बदलाव में भारत की भूमिका बेहद अहम होगी। आने वाले समय में हमारा ध्यान सेवाओं और उत्पादों में एआई आधारित विकास को आगे बढ़ाने और कार्यबल को इसके लिए तैयार करने पर रहेगा।’

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments