नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अक्टूबर में अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री दर्ज की है। बीते माह कंपनी की कुल बिक्री सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 2.76 लाख इकाई रही। पिछले साल की समान अवधि का आधार प्रभाव ऊंचा होने के बावजूद कंपनी ने यह वृद्धि दर्ज की।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि अक्टूबर में घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 2.12 लाख इकाई रही। सुपर कैरी और अन्य मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) को की गई बिक्री समेत कुल घरेलू बिक्री करीब 19 प्रतिशत बढ़कर 2.26 लाख इकाई रही।
पिछले साल की समान अवधि में ऊंचे आधार प्रभाव के बावजूद बिक्री में यह मजबूत वृद्धि त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में मजबूत मांग को दर्शाती है। मारुति सुजुकी ने हाल ही में कहा था कि उसके पास डीलर के यहां करीब 15-16 दिन का ही भंडार है, जबकि करीब दो लाख वाहन की बुकिंग लंबित है।
अक्टूबर में ऑल्टो, बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, एस-प्रेसो, स्विफ्ट और वैगनआर जैसी यात्री कारों की बिक्री सालाना आधार पर 18.4 प्रतिशत बढ़कर करीब एक लाख इकाई रही। वहीं, ब्रेजा, अर्टिगा, ई-विटारा, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, विक्टोरिस और एक्सएल6 जैसे वाहनों की बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 97,787 इकाई हो गई।
ओईएम को कंपनी की बिक्री बढ़कर 9,459 इकाई रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 8,915 इकाई रही थी।
कंपनी का अक्टूबर में निर्यात 59 प्रतिशत बढ़कर 49,872 इकाई हो गया।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.