scorecardresearch
Saturday, 3 October, 2026
होमदेशअर्थजगतसी-390 मिलेनियम के लिए भारत में औद्योगिक तंत्र विकसित करने की तैयारी में महिंद्रा-एम्ब्रायर

सी-390 मिलेनियम के लिए भारत में औद्योगिक तंत्र विकसित करने की तैयारी में महिंद्रा-एम्ब्रायर

Text Size:

मुंबई, दो अक्टूबर (भाषा) महिंद्रा समूह भारत में सैन्य परिवहन और हवा में ईंधन भरने वाले विमान सी-390 मिलेनियम के लिए औद्योगिक एवं सहायता प्रणाली विकसित करने को लेकर ब्राजील की विमान विनिर्माता कंपनी एम्ब्रायर के साथ तैयारियों के स्तर पर चर्चा कर रहा है।

महिंद्रा समूह ने कहा कि दोनों कंपनियां भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के मध्यम परिवहन विमान (एमटीए) कार्यक्रम के लिए संयुक्त रूप से काम कर रही हैं।

समूह ने कहा कि इन तैयारियों के तहत महिंद्रा और एम्ब्रायर महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही हैं और भारत में एम्ब्रायर सी-390 मिलेनियम के उत्पादन के लिए अंतिम असेंबली लाइन लगाने के संभावित स्थल के रूप में नागपुर की पहचान की गई है।

एम्ब्रायर और महिंद्रा ने पिछले साल अक्टूबर में सी-390 मिलेनियम को आईएएफ के एमटीए कार्यक्रम के लिए संयुक्त रूप से आगे बढ़ाने को रणनीतिक सहयोग समझौता किया था। यह समझौता फरवरी 2024 में हुए शुरुआती समझौते पर आधारित था।

इस समझौते के तहत भारत में औद्योगिकीकरण, स्थानीय विनिर्माण, असेंबली, आपूर्ति श्रृंखला के विकास और रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल (एमआरओ) गतिविधियों में सहयोग की परिकल्पना की गई है।

दोनों कंपनियों ने फरवरी 2026 में एमटीए कार्यक्रम के तहत विमान के चयन की स्थिति में भारत में सी-390 मिलेनियम के लिए एमआरओ क्षमता स्थापित करने की योजना की भी घोषणा की थी।

कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित केंद्र भारत में विमान की स्थानीय असेंबली और औद्योगिकीकरण में मदद करेगा। हालांकि, यह भारत सरकार द्वारा सी-390 मिलेनियम के चयन और आईएएफ के एमटीए कार्यक्रम के तहत ऑर्डर दिए जाने पर निर्भर होगा।

महिंद्रा ने कहा कि दोनों कंपनियां महाराष्ट्र सरकार के साथ संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए करीब से काम कर रही हैं, ताकि साझेदारी को कार्यक्रम मिलने की स्थिति में जरूरी औद्योगिक बुनियादी ढांचे पर तेजी से काम आगे बढ़ाया जा सके।

महिंद्रा समूह के ग्रुप कार्यकारी बोर्ड के सदस्य विनोद सहाय ने कहा, ‘‘महिंद्रा भारत में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी एयरोस्पेस परिवेश बनाने और देश की आत्मनिर्भर भारत की आकांक्षाओं में योगदान देने वाली विनिर्माण एवं प्रौद्योगिकी क्षमताएं विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

एम्ब्रायर डिफेंस एंड सिक्योरिटी के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बॉस्को दा कोस्टा जूनियर ने कहा, ‘‘एम्ब्रायर महिंद्रा के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर प्रसन्न है। हम सी-390 मिलेनियम की औद्योगिक क्षमताओं को भारत में लाने की तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं।’’

भाषा रमण योगेश

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments