scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशअर्थजगतजियो के आईपीओ को सभी श्रेणियों के निवेशकों से मिली रिकॉर्ड प्रतिक्रियाः आकाश अंबानी

जियो के आईपीओ को सभी श्रेणियों के निवेशकों से मिली रिकॉर्ड प्रतिक्रियाः आकाश अंबानी

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) हाल ही में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने शुक्रवार को कहा कि चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियों और विदेशी निवेशकों की निकासी के बावजूद कंपनी के शुरुआती सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सभी श्रेणियों के निवेशकों से रिकॉर्ड प्रतिक्रिया मिली।

इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि जियो का लक्ष्य अपनी स्थापना के पहले 10 वर्षों में सृजित मूल्य के मुकाबले आने वाले दशक में और भी अधिक मूल्य सृजित करना है।

कंपनी को आईपीओ के जरिये करीब 30,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिलीं, जो निर्गम के आकार से 24.5 गुना अधिक थीं।

आकाश अंबानी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों पर आयोजित चर्चा में कहा कि आईपीओ को संस्थागत निवेशकों, ऊंची हैसियत वाले बड़े और छोटे निवेशकों, खुदरा निवेशकों, शेयरधारकों और कर्मचारियों सहित हर श्रेणी में मजबूत प्रतिक्रिया मिली।

उन्होंने कहा कि करीब 48,000 करोड़ रुपये की विदेशी निवेशकों की निकासी के बीच जियो के आईपीओ को मिली प्रतिक्रिया खास तौर पर उत्साहजनक रही। उन्होंने कहा कि कंपनी ने पिछले 10 वर्षों में इस कारोबार को खड़ा करने के लिए कड़ी मेहनत की है और आगे भी ऐसा जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि आईपीओ कंपनी के लिए केवल एक नया पड़ाव है और उसकी महत्वाकांक्षाएं इससे कहीं आगे हैं। अंबानी ने कहा, “हमारा मानना है कि अगले एक दशक में हम जितना मूल्य सृजित कर सकते हैं, वह पिछले दशक में सृजित मूल्य से भी अधिक होगा।”

इस बीच, जियो प्लेटफॉर्म्स ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 13.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 8,389 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का लाभ 7,379 करोड़ रुपये था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments