scorecardresearch
Monday, 12 October, 2026
होमदेशअर्थजगतजेटवर्क का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 143-151 रुपये प्रति शेयर

जेटवर्क का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 143-151 रुपये प्रति शेयर

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) विनिर्माण मंच जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस लिमिटेड ने अपने 5,012 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 143-151 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।

प्रौद्योगिकी आधारित विनिर्माण मंच की ओर से सोमवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 14 अक्टूबर को बोली लगा पाएंगे।

आईपीओ 2,830 करोड़ रुपये के नए शेयर और 14.45 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है।

जेटवर्क नए शेयर जारी करके जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी और उसकी अनुषंगी कंपनियों का कर्ज चुकाने में करेगी। इसके अलावा, इस राशि का एक हिस्सा अभी तय नहीं किए गए अधिग्रहणों और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए रखा गया है।

वर्ष 2018 में स्थापित जेटवर्क का कारोबार नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस, रक्षा, कृत्रिम मेधा (एआई) बुनियादी ढांचे, तेल एवं गैस और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में फैला है।

जेटवर्क के भारत, अमेरिका, जर्मनी और स्पेन में अपने 26 विनिर्माण संयंत्र हैं। इसके अलावा, वह कई देशों में तीसरे पक्ष के आपूर्तिकर्ताओं के साथ काम करती है।

कंपनी का शेयर 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments