scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशअर्थजगतआईओसी को रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार से दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 21,630 करोड़ रुपये का मुनाफा

आईओसी को रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार से दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 21,630 करोड़ रुपये का मुनाफा

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ करीब तीन गुना होकर रिकॉर्ड 21,630 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी को रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार से पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर नुकसान और एलपीजी सब्सिडी की भरपाई करने में मदद मिली।

कंपनी का यह रिकॉर्ड तिमाही मुनाफा वित्त वर्ष 2023-24 में दर्ज उसके अब तक के सर्वाधिक 39,619 करोड़ रुपये के सालाना शुद्ध लाभ के आधे से अधिक रहा।

कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 7,610.45 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। पिछली अप्रैल-जून तिमाही में उसे 2,661.37 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

आईओसी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि सितंबर तिमाही में उसका परिचालन राजस्व बढ़कर 2.63 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 2.03 लाख करोड़ रुपये था।

कंपनी ने कहा कि तिमाही में मुनाफे को कच्चे तेल की कीमतों में जून के मध्य से अगस्त के मध्य तक आई अस्थायी गिरावट और पेट्रोरसायन एवं गैस कारोबार में बेहतर मार्जिन से समर्थन मिला।

हालांकि, कंपनी ने आगामी तिमाहियों में कच्चे तेल की कीमतों में संभावित गिरावट से भंडार के मूल्य में कमी के कारण मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका जताई है।

आईओसी ने कहा कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उस पर 32,505.69 करोड़ रुपये की बकाया एलपीजी सब्सिडी का बोझ भी रहा।

तिमाही में पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री से कर-पूर्व लाभ बढ़कर 24,935.01 करोड़ रुपये हो गया। पेट्रोरसायन कारोबार से कर-पूर्व लाभ 528.40 करोड़ रुपये और गैस कारोबार से आय 1,237.67 करोड़ रुपये रही।

कंपनी की घरेलू ईंधन बिक्री तिमाही में 2.39 करोड़ टन रही, जबकि रिफाइनरियों ने 1.81 करोड़ टन कच्चे तेल का प्रसंस्करण किया।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments