मुंबई, 14 अगस्त (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार सात अगस्त को समाप्त सप्ताह में 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसके एक सप्ताह पहले विदेशी मुद्रा भंडार 10.512 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 692.87 अरब डॉलर रहा था।
इस साल 27 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि पश्चिम एशिया में टकराव शुरू होने के बाद कई हफ्तों तक इसमें गिरावट दर्ज की गई। संकट के दौरान रुपये पर दबाव बनने से रिजर्व बैंक को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाजार में दखल देना पड़ा।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखने वालीं विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 9.95 अरब डॉलर बढ़कर 574.62 अरब डॉलर हो गईं।
डॉलर के संदर्भ में इन परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है।
पिछले महीने सरकार और आरबीआई ने देश में विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने के लिए एफसीएनआर (बी) समेत कई उपायों की घोषणा की थी। इन प्रयासों से अब तक करीब 40 अरब डॉलर प्राप्त हो चुके हैं।
इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 3.99 अरब डॉलर बढ़कर 108.74 अरब डॉलर हो गया।
विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 7.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.74 अरब डॉलर पर पहुंच गए।
आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार भी 11.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर हो गया।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.