scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमदेशअर्थजगतअक्टूबर में भारत का निर्यात रिकॉर्ड 49.47 अरब डॉलर पर पहुंचा, तेल आयात पर खर्च भी बढ़ा

अक्टूबर में भारत का निर्यात रिकॉर्ड 49.47 अरब डॉलर पर पहुंचा, तेल आयात पर खर्च भी बढ़ा

मंथली एक्सपोर्ट में $49.47 bn की रिकॉर्ड हाई ग्रोथ को इंजीनियरिंग गुड्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, और जेम्स एंड ज्वेलरी के एक्सपोर्ट में मज़बूती का भी सपोर्ट मिला है.

Text Size:

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत का वस्तुओं का निर्यात अक्टूबर में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. इस महीने निर्यात 49.47 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात भी बढ़कर 89.35 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.

मासिक निर्यात में इस रिकॉर्ड बढ़ोतरी के पीछे रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों, इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स और रत्न एवं आभूषण जैसे उत्पादों का अच्छा प्रदर्शन रहा. भारत के आयात में भी बढ़ोतरी हुई है. इसकी मुख्य वजह वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और मशीनरी की कीमतों में वृद्धि है.

मीडिया को जानकारी देते हुए वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने अक्टूबर के निर्यात आंकड़ों को “एक महीने में अब तक की सबसे ज्यादा व्यापार वृद्धि और किसी भी महीने में वस्तुओं का अब तक का सबसे अधिक निर्यात” बताया.

उन्होंने कहा, “निर्यात में वृद्धि अलग-अलग देशों और क्षेत्रों में देखने को मिली है… अक्टूबर 2026 में हमारे शीर्ष 50 निर्यात बाजारों में से 43 में 2025 की तुलना में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई. इसमें प्रमुख योगदान स्पेन का रहा, जहां 352 प्रतिशत की वृद्धि हुई. मलेशिया, टोगो, सिंगापुर और दक्षिण अफ्रीका में भी निर्यात 100 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा.”

अग्रवाल ने बताया कि निर्यात में यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों, अन्य अनाज, तेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और हस्तशिल्प के निर्यात में वृद्धि की वजह से हुई. वाणिज्य सचिव ने यह भी कहा कि अगर वस्तुओं और सेवाओं, दोनों का निर्यात इसी रफ्तार से बढ़ता रहा, तो भारत इस वित्त वर्ष के अंत तक 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य हासिल कर सकता है.

वित्त वर्ष 2026-2027 के पहले छह महीनों (अप्रैल-सितंबर) में भारत का कुल निर्यात, यानी वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात, 568.84 अरब डॉलर रहा. यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 16.66 प्रतिशत ज्यादा है. अप्रैल से अक्टूबर तक के पहले सात महीनों में वस्तुओं के निर्यात और आयात में बढ़ोतरी की मुख्य वजह पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतें हैं. इन आंकड़ों को शुक्रवार को जारी किया गया.

पिछले महीने भारत ने 8.89 अरब डॉलर के रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात किया. यह अक्टूबर 2025 के मुकाबले 140 प्रतिशत ज्यादा है. उस महीने दुनिया भर में करीब 3.7 अरब डॉलर के इन उत्पादों का निर्यात हुआ था. इस बढ़ोतरी की वजह निर्यात की मात्रा और कीमत, दोनों में वृद्धि है. पश्चिम एशिया में तनाव के कारण अक्टूबर के मध्य में वैश्विक पेट्रोलियम कीमतें बढ़ गई थीं. इस दौरान ब्रेंट क्रूड ऑयल फ्यूचर्स में कच्चे तेल की कीमत 116 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी.

Infographic: ThePrint Team
इन्फोग्राफिक: दिप्रिंट टीम

पेट्रोलियम उत्पादों की हिस्सेदारी निर्यात में बढ़ने के साथ ही भारत का अपना आयात बिल भी बढ़ा है. इस साल अक्टूबर में यह पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 54 प्रतिशत ज्यादा रहा. पिछले महीने भारत ने 22.81 अरब डॉलर का कच्चा तेल और पेट्रोलियम उत्पाद आयात किया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 के इसी महीने में यह आंकड़ा 14.78 अरब डॉलर था.

इस वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में पेट्रोलियम उत्पादों का कुल निर्यात 47.71 प्रतिशत बढ़कर 49.83 अरब डॉलर हो गया. पिछले साल इसी अवधि में यह 33.73 अरब डॉलर था. चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात देश के कुल वस्तु निर्यात का 16.12 प्रतिशत रहा. पिछले साल इसी अवधि में यह हिस्सेदारी 13.31 प्रतिशत थी.

वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान भारत का पेट्रोलियम आयात बिल 92.6 अरब डॉलर था, जो चालू वित्त वर्ष की इसी अवधि में बढ़कर 130 अरब डॉलर हो गया. इसमें 40.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.

जब अग्रवाल से पूछा गया कि क्या पेट्रोलियम की कीमतों में बढ़ोतरी का भारत के निर्यात में वृद्धि से संबंध है, तो उन्होंने निर्यात की मौजूदा रफ्तार पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि कीमतों में गिरावट से मांग बढ़ सकती है, जिससे भविष्य में निर्यात में और वृद्धि हो सकती है.

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अक्टूबर में तेल को छोड़कर वस्तुओं के निर्यात में करीब 33.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. मैं मानता हूं कि तेल के निर्यात में बढ़ोतरी की वजह कीमतों में वृद्धि और रिफाइंड उत्पादों की ज्यादा मांग, दोनों हैं. इससे भारत के निर्यात को बढ़ावा मिला है. मुझे भरोसा है कि साल की अगली छमाही में भी यह वृद्धि मजबूत बनी रहेगी.”

उन्होंने आगे कहा, “तेल की कीमतों में गिरावट का हमारे निर्यात पर कुछ असर पड़ेगा. आमतौर पर कीमतें बढ़ने पर मांग घट जाती है. कीमतें कम होने पर मांग बढ़ सकती है और इससे निर्यात के कुल मूल्य में होने वाली किसी भी कमी की भरपाई हो सकती है.”

भारत के कुल निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है. अक्टूबर में इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्यात 2025 के इसी महीने के मुकाबले 62.7 प्रतिशत बढ़ा. इस साल अक्टूबर में भारत ने 6.64 अरब डॉलर के इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्यात किया, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 4 अरब डॉलर था. चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात कुल 38.6 अरब डॉलर रहा. यह अप्रैल-अक्टूबर 2025 के 26.2 अरब डॉलर के मुकाबले 46.92 प्रतिशत ज्यादा है.

Infographic: ThePrint Team
इन्फोग्राफिक: दिप्रिंट टीम

अमेरिका अब भी सबसे बड़ा निर्यात बाजार, चीन को निर्यात बढ़ा

अमेरिका अब भी भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार बना हुआ है. इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच भारतीय निर्यातकों ने अमेरिका को करीब 59.52 अरब डॉलर के वस्तु उत्पादों का निर्यात किया. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 51.99 अरब डॉलर था.

चीन को होने वाले निर्यात में भी बढ़ोतरी हुई है. चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में यह बढ़कर 13.77 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 10 अरब डॉलर था. अब चीन भारत का वस्तुओं का तीसरा सबसे बड़ा निर्यात बाजार है.

इस बीच, चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में सिंगापुर को भारत के वस्तुओं के निर्यात में पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 107 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. सिंगापुर को वस्तुओं का निर्यात इस साल बढ़कर 13.14 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले साल यह 6.33 अरब डॉलर था. इसकी मुख्य वजह रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद रही. होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावी रूप से बंद होने के बाद से सिंगापुर को रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति का मुख्य स्रोत भारत बन गया है.

भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में भेजे जाने वाले उत्पादों की किस्मों में भी बड़ा बदलाव आया है. अब भारत के कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी सिर्फ करीब 56.9 प्रतिशत रह गई है. गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की हिस्सेदारी अप्रैल-सितंबर 2025 के 39.7 प्रतिशत से बढ़कर अब कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात का करीब 43.2 प्रतिशत हो गई है.

इस बढ़ोतरी में मुख्य योगदान प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCBs), नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरण, मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट और सॉलिड स्टेट स्टोरेज डिवाइस के निर्यात का रहा है.

चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में रूस से भारत के आयात में 54 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. इसकी मुख्य वजह कच्चे तेल की खरीद रही. चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में भारत ने रूस से करीब 55 अरब डॉलर के सामान का आयात किया है. माना जा रहा है कि इसमें बड़ी हिस्सेदारी कच्चे तेल की है. पिछले साल इसी अवधि में रूस से भारत का वस्तुओं का आयात 35.95 अरब डॉलर था.

इसी तरह, चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में चीन से भारत के आयात में 30.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच चीन से भारत का वस्तुओं का आयात 96.61 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 73.96 अरब डॉलर था.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: नायडू ने अमरावती में आजमाया शहर बसाने का नया मॉडल, जमीन से निवेश तक तीन बड़े प्रयोग


 

share & View comments