चंडीगढ़, दो अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चार से छह अक्टूबर तक सिंगापुर की तीन दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य हरियाणा और सिंगापुर के बीच निवेश, औद्योगिक सहयोग, प्रौद्योगिकी साझेदारी और कौशल विकास के क्षेत्र में नई संभावनाओं की तलाश करना और उन्हें मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। प्रतिनिधिमंडल निवेशकों और संस्थानों के साथ बैठकों में राज्य सरकार की नीतियों, परियोजनाओं और निवेश सुविधाओं की जानकारी देगा।
यात्रा के दौरान सैनी लॉजिस्टिक, सेमीकंडक्टर, अत्याधुनिक विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी), विमानन और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री विभिन्न उद्योग समूहों, निवेशकों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ गोलमेज बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में हरियाणा की औद्योगिक नीतियों, बुनियादी ढांचे, बेहतर संपर्क सुविधा, कुशल मानव संसाधन और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारों की संभावनाओं को सामने रखा जाएगा।
सैनी निवेशकों के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगे। इनमें सिंगापुर की कंपनियों को हरियाणा में विनिर्माण इकाइयां और अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने, लॉजिस्टिक एवं भंडारण सुविधाओं में निवेश करने तथा खाद्य प्रसंस्करण और उच्च प्रौद्योगिकी वाले उद्योगों में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.