scorecardresearch
Saturday, 20 June, 2026
होमदेशअर्थजगतराजस्थान में इलेक्ट्रिक बसों की शुरूआत, मुख्यमंत्री शर्मा ने झंडी दिखाई

राजस्थान में इलेक्ट्रिक बसों की शुरूआत, मुख्यमंत्री शर्मा ने झंडी दिखाई

Text Size:

जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान में शहरी परिवहन सेवा में इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत शनिवार को हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर शहर के लिए 29 और भीलवाड़ा के लिए 18 ई-बसों को यहां से झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि नागरिकों को आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

शर्मा ने प्रधानमंत्री ई बस सेवा के तहत यहां जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज (जेसीटीएसएल) की 29 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भीलवाड़ा में भी 18 इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि इन बसों के संचालन से स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पीएम ई-बस सेवा योजना में राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर तथा अजमेर का चयन हुआ है। केन्द्र सरकार द्वारा इन आठ जिलों के लिए 675 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं। इसके अतिरिक्त भी 475 ई बसें स्वीकृत हुई हैं। इस प्रकार राजस्‍थान को कुल 1150 ई बसें मिलेंगी। प्रथम चरण में दीपावली तक 675 ई बसों का संचालन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये बसें विशेष रूप से दिव्‍यांगों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती यात्रा का माध्यम बनेंगी। साथ ही, इन बसों में सीसीटीवी कैमरे होंगे जिनसे महिलाओं की सुरक्षा स‍ुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 555 ई-बसें शहरी परिवहन के लिए और 50 डबल डेकर ई-बस पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराएगी। इसके लिए तीव्र गति से काम किया जा रहा है। यह कदम विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कड़ी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले ढाई वर्ष में राजस्थान के पानी, बिजली, उद्योग, परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति प्रदान की है।

उन्होंने यहां अमर जवान ज्योति पर इलेक्ट्रिक बस का विधिवत पूजन कर अवलोकन किया। साथ ही, चालक और परिचालक से बातचीत की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हेंगर तक इलेक्ट्रिक बस में सफर किया।

भाषा पृथ्वी रवि कांत रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments