मुंबई, 30 अक्टूबर (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महाराष्ट्र के नागपुर जिले में मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3.01 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त किया है, जिसकी कीमत 2.4 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में बस में यात्रा कर रहे दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की नागपुर क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर भागीमारी टोल प्लाजा के पास दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस को रोका।
उन्होंने बताया कि कुछ यात्रियों के सामान की जांच के दौरान अधिकारियों को तीन बैग असामान्य रूप से वजनी मिले। तलाशी लेने पर कपड़ों में छिपाए गए सफेद पाउच के अंदर सफेद रंग के पदार्थ के पैकेट मिले।
अधिकारी के मुताबिक, मौके पर की गई जांच में करीब तीन किलोग्राम वजन के इस पदार्थ के एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 2.4 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.