scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशमुंब्रा में 1.5 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त,तंजानिया के तीन और नाइजीरिया का एक नागरिक गिरफ्तार

मुंब्रा में 1.5 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त,तंजानिया के तीन और नाइजीरिया का एक नागरिक गिरफ्तार

Text Size:

ठाणे, 30 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा में पुलिस ने चार विदेशी नागरिकों के पास से 1.50 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की मेफेड्रोन (एमडी) जब्त की। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम ने बृहस्पतिवार को मुंब्रा के सम्राट नगर इलाके में हरिओम बिल्डिंग में छापा मारा और इस दौरान तंजानिया के नागरिक राशिद मुजम्मिल सैयद, हसन न्युम्बे अली (34), केविन एडोल्फ वोसा (26) और नाइजीरिया के नागरिक ओबियाली एलेक्स चिडेरे (34) को हिरासत में लिया।

पुलिस ने परिसर की तलाशी के दौरान करीब 1.5 किलोग्राम मेफेड्रोन पाउडर बरामद किया। पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटिल ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मुंब्रा थाने ने वर्ष 2026 में अब तक मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 39 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।

अधिकारी ने बताया कि इस दौरान करीब 32 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पाटिल ने मुंब्रा और दिवा के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नाइजीरिया और तंजानिया सहित अन्य देशों के नागरिकों को मकान किराये पर देने से पहले उनके व्यक्तिगत विवरण स्थानीय थाने में जमा कराकर किरायेदारों का सत्यापन जरूर कराएं।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments