चेन्नई, 18 जुलाई (भाषा) कर्नाटक सरकार की प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने संसद के दोनों सदनों में स्थगन प्रस्ताव के नोटिस दिए हैं।
द्रमुक ने शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी ने मांग की है कि कावेरी नदी पर प्रस्तावित जलाशय को लेकर तमिलनाडु की बढ़ती चिंताओं और इस विवाद के समाधान के लिए तत्काल एक न्यायाधिकरण गठित करने की आवश्यकता पर चर्चा करने के लिए सदन के समस्त निर्धारित कार्य स्थगित किये जाएं।
तदनुसार लोकसभा में द्रमुक के संसदीय दल के नेता एवं पार्टी कोषाध्यक्ष टी. आर. बालू तथा राज्यसभा में संसदीय दल नेता तिरुचि शिवा ने संबंधित सदनों के सचिवालय को औपचारिक नोटिस भेजे।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एवं प्रक्रिया संबंधी नियमों के तहत द्रमुक नेताओं ने सूचीबद्ध सभी कार्यों को अस्थायी रूप से स्थगित करके स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से ‘‘कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु जलाशय, तमिलनाडु पर उसके संभावित प्रभाव तथा इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित किए जाने की आवश्यकता जैसे अत्यावश्यक जनमहत्व के विषय पर चर्चा कराने का अनुरोध किया।’’
भाषा अमित पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.