लखनऊ, 30 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।
रिणवा ने कहा कि मतदाता सूची की खामियां दूर करने और उसे अद्यतन रखने की जिम्मेदारी जिला निर्वाचन अधिकारियों की है।
रिणवा ने शुक्रवार को निर्देश दिया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिदिन ईसीआई नेट पर लॉगइन कर मतदाता सूची से जुड़े आवेदनों और लंबित मामलों की समीक्षा करें।
उन्होंने प्रपत्र-छह, छह-ए, सात और आठ के तहत प्राप्त आवेदनों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, असंबद्ध अधिकारी के पास भेजे गए आवेदनों को तत्काल संबंधित अधिकारी को सौंपने और दूसरे जिले से जुड़े आवेदनों को बिना देरी संबंधित जिले में भेजने को कहा।
रिणवा ने कहा कि आवेदन लंबित रहने या अधिकारियों के लॉगइन निष्क्रिय पाए जाने पर कारणों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपना यूजर आईडी, पासवर्ड और ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की हिदायत भी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची और मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) से संबंधित शिकायतों के निस्तारण पर भी जोर दिया।
रिणवा की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, मतदाता सेवा पोर्टल और ईसीआई नेट ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के तहत नागरिकों के फोन करने के अनुरोध 48 घंटे से अधिक समय तक लंबित नहीं रहने चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि नागरिक से संपर्क किए बिना ही अनुरोध पर ‘संपर्क किया गया’ या ‘अनुपलब्ध’ दर्ज करने वाले बूथ स्तरीय अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को लंबित मामलों की साप्ताहिक समीक्षा करने और लापरवाही बरतने वाले अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए हैं।
भाषा सलीम खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.