नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के सिंघोला इलाके में एक कंपनी परिसर में वाहन पर कागज का भारी रोल लादते समय उसके नीचे दबने से 27 वर्षीय एक श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 अक्टूबर को हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सिंघोला निवासी नीरज कंपनी परिसर में दो अन्य लोगों के साथ वाहन पर कागज के रोल लाद रहा था, तभी एक रोल उसके ऊपर गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि नीरज को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अस्पताल से घटना की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद कंपनी के मालिक के खिलाफ नरेला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नीरज का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा सिम्मी वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.