नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने चार भारतीय यात्रियों को ‘मादक पदार्थों की तस्करी’ के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के पास से लगभग नौ करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया।
एक बयान के अनुसार, बैंकॉक से आ रहे ये यात्री 21 अप्रैल को यहां उतरे थे और अधिकारियों ने संदेह होने पर उन्हें रोक लिया।
बयान में कहा गया है कि आरोपियों के सामान की एक्स-रे जांच और विस्तृत छानबीन की गई, जिसके बाद तीन ट्रॉली बैग से हरे रंग के पदार्थ से भरे नौ पॉलीथीन पैकेट बरामद किए गए, जिसमें गांजा होने का संदेह है।
अधिकारियों ने बताया कि चारों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया और प्रतिबंधित सामग्री के साथ-साथ पैकिंग सामग्री को भी बरामद कर लिया गया।
बयान में अधिकारियों ने कहा, ‘जब्त किए गए पदार्थ का कुल वजन 8,925 ग्राम है, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 8.925 करोड़ रुपये है।’
प्रारंभिक जांच में इसकी पुष्टि गांजा/मारिजुआना के रूप में हुई है।
बयान के अनुसार, यात्रियों को स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए पाया गया।
भाषा
राखी वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.