scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशदिल्ली: डेटिंग ऐप के जरिए एक व्यक्ति को अगवा करके उससे लूटपाट के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

दिल्ली: डेटिंग ऐप के जरिए एक व्यक्ति को अगवा करके उससे लूटपाट के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) दक्षिणपूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से लुभाकर एक व्यक्ति का अपहरण करने और फिर उससे लूटपाट करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित की पहचान अनुरूप नरूला के रूप में हुई है। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि यह घटना 25 मार्च को हुई जब वे नेहरू प्लेस में ‘शेरी’ नाम की प्रोफाइल वाली एक महिला से डेटिंग ऐप के जरिए मिलने गए थे।

उसने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचा तो महिला के तीन साथियों ने उस पर हमला किया और उसे जबरदस्ती कार में बिठा लिया।

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसका गला दबाया और उसे यूपीआई, एटीएम और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लगभग सात लाख रुपये स्थानांतरित करने के लिए मजबूर किया।

इस घटना के बाद, उसे नेहरू प्लेस में छोड़ दिया गया और पुलिस से संपर्क न करने की चेतावनी दी गई।

कालकाजी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहनों में से एक की पहचान की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन, एएनपीआर और फास्टैग डेटा के विश्लेषण सहित तकनीकी निगरानी से दूसरे वाहन और आरोपी व्यक्तियों का पता लगाने में मदद मिली।

एक साथ कई छापों के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान ऋषभ (25), नबोजित डे (30), संजय उर्फ ​​जॉय (28), हरलीन कौर उर्फ ​​जेनी (20) और साहिल चौहान के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान, हरलीन ने खुलासा किया कि वह डेटिंग ऐप के माध्यम से पीड़ितों को लुभाती थी और विभिन्न स्थानों पर मुलाकातें तय करती थी, जहां उसके साथी उन्हें लूट लेते थे।

पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई दो कार और पांच मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं और आरोपियों के बैंक खातों में लूटी गई रकम के जमा होने का पता लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments