देहरादून, 13 अक्टूबर (भाषा) देहरादून में मंगलवार को निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली खाद्य सामग्री, कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी और बदहाल स्वच्छता व्यवस्था उजागर होने के बाद प्रतिष्ठित ‘दून क्लब’ के रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि देहरादून जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी एवं खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने करनपुर क्षेत्र में स्थित क्लब के ‘हांडी’ रेस्टोरेंट का आकस्मिक निरीक्षण किया और इस दौरान खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न गंभीर खामियों का पता चला।
अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस से संबंधित रिकॉर्ड, कीट नियंत्रण प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि जांच के लिए रेस्टोरेंट के पनीर, दूध और ‘डीप फ्रीजर’ में रखी चिकन करी के नमूने लिए गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि इस दौरान पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट किया गया।
उन्होंने कहा कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट को 14 दिन का ‘सुधार नोटिस’ जारी किया गया है तथा निरीक्षण टीम ने रेस्टोरेंट के मालिक अभय सिंह नेगी को कड़े निर्देश दिए हैं।
डुंगराकोटी ने कहा, “दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस प्रकार की गंभीर अनियमितताएं विशेष रूप से चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्ति भी आते हैं। ऐसे प्रतिष्ठान में भोजन तैयार करने व परोसने की व्यवस्था का स्वच्छ, सुरक्षित एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने बताया कि 14 दिन की अवधि के दौरान पुनः स्थलीय निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी और यदि इसमें अपेक्षित सुधार नहीं दिखे तो लागू विधिक प्रावधानों के तहत रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने समेत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा दीप्ति जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.