नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुमन और उनके सहयोगियों को पूछताछ के लिए समन भेजा. एक दिन पहले ही एजेंसी ने CMO में कथित भ्रष्टाचार के मामले में आठ ठिकानों पर छापेमारी की थी. एजेंसी ने उनके दोस्तों नितिन गोहल, उनके भाई जितिन गोहल, बीर देविंदर को भी समन भेजा.
पंजाब में CBI ने जिन ठिकानों पर छापेमारी की, उनमें चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री का कैंप ऑफिस, घुमन का संगरूर स्थित घर और उनके बचपन के दोस्तों और सहपाठियों- नितिन गोहल और उनके भाई जितिन गोहल, बीर देविंदर, रोमी राजा महाजन और आर एस नागरा के ठिकाने शामिल हैं.
एजेंसी ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा राज्य पुलिस को फटकार लगाए जाने के एक दिन बाद छापेमारी की. हाई कोर्ट ने राज्य पुलिस को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की उस जानकारी पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर फटकार लगाई थी, जिसमें CMO में कथित भ्रष्टाचार की बात कही गई थी.
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब देश के इकलौते AAP शासित राज्य पंजाब में विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही महीने बाकी हैं. केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई पर पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने दावा किया कि ये छापेमारी पंजाब में चुनाव जीतने में BJP की असमर्थता से पैदा हुई उसकी “हताशा” को दिखाती है.
ये बड़ी छापेमारी केंद्रीय एजेंसी द्वारा तीनों और कुछ अन्य अज्ञात सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद हुई.
एजेंसी के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा, “माननीय पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश और ED से रिपोर्ट मिलने के बाद, CBI ने पंजाब के मुख्यमंत्री (CM) के OSD और उनके सहयोगियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए FIR दर्ज की है.” यह बयान पंजाब में छापेमारी के साथ ही आया.
प्रवक्ता ने कहा कि उनके खिलाफ आरोप अधिकारियों की पोस्टिंग को प्रभावित करने और उसमें हेरफेर करने से जुड़े हैं. इसमें IAS और IPS अधिकारियों की पोस्टिंग, “विभागीय कार्रवाई, नीतियां बनाने से जुड़े मामले, प्रशासनिक मंजूरी, टेंडर की शर्तें, लाइसेंस से जुड़े मामले, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव से जुड़े मामले, संपत्ति विवाद, राजस्व और जमीन से जुड़े मुद्दे” शामिल हैं. इन कामों के बदले आर्थिक लाभ लेने का आरोप है.
इस मामले को लेकर केजरीवाल ने केंद्र में सत्तारूढ़ BJP की आलोचना की. केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “BJP पंजाब में चुनाव लड़कर जीत नहीं सकती, इसलिए वह ED-CBI की मदद से चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन पंजाबियों ने अपना मन बना लिया है और वे आने वाले चुनाव में BJP की CBI छापेमारी का जवाब भगवंत मान को 100 से ज्यादा सीटों से जिताकर और उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाकर देंगे.”
चुनाव से दो महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय पे CBI की रेड बीजेपी कि बौखलाहट का नतीजा है। जब से सेंटर में बीजेपी की सरकार आई है उसने पंजाबियों के साथ हमेशा ही धक्का किया है चाहे किसान आंदोलन हो, पंजाब के पानी का मुद्दा हो, पंजाब यूनिवर्सिटी का मुद्दा हो। और अब तो उनके… https://t.co/W6pW9KFxYM
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 6, 2026
मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने मंगलवार को हाई कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जिसमें मान सरकार द्वारा अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग और नीतियां बनाने में कथित भ्रष्टाचार की CBI जांच का निर्देश दिया गया था.
अदालत ने संकेत दिया कि वह इस मामले की सुनवाई बुधवार या गुरुवार को करेगी.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: पंजाब CMO के अधिकारी CBI जांच के घेरे में, ED के भ्रष्टाचार आरोपों पर पुलिस के जवाब से HC असंतुष्ट