scorecardresearch
Tuesday, 3 November, 2026
होमदेशमाकपा नेता गोविंदन ने सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

माकपा नेता गोविंदन ने सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, तीन नवंबर (भाषा) माकपा के प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन ने मंगलवार को राज्य पुलिस प्रमुख के पास शिकायत दर्ज कराई और उनके नाम से कथित तौर पर फर्जी पोस्ट प्रसारित करने के लिए दो ऑनलाइन मंचों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अपनी शिकायत में, गोविंदन ने फेसबुक पेज ‘सेलीस्पॉट मीडिया’ और यूट्यूब चैनल ‘आर के मीडिया व्लॉग्स’ का नाम लिया, जिन्होंने उनकी तस्वीर और एक मनगढ़ंत शीर्षक वाली पोस्ट प्रकाशित की थी, जिसमें दावा किया गया था कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नेतृत्व ने चीनी सैनिकों पर भारतीय सेना के हमले को लेकर केंद्र से स्पष्टीकरण मांगा था।

माकपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि मंचों ने जानबूझकर उनके नाम से फर्जी खबरें बनाई और प्रसारित कीं।

गोविंदन ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 197(1)(डी) और 356 के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी “गलत जानकारी फैलाई” जा रही थी।

बयान में आगे कहा गया है कि शिकायत के साथ-साथ, कथित पोस्ट के स्क्रीनशॉट और लिंक भी पुलिस को सौंपे गए।

यह नई शिकायत उस घटना के एक दिन बाद आई है, जब गोविंदन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, जिन्होंने कथित तौर पर उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट बनाए और फैलाए थे। इन पोस्ट में एर्णाकुलम के महाराजा कॉलेज में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले एक छात्र को निशाना बनाया गया था।

भाषा प्रशांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments