scorecardresearch
Saturday, 9 May, 2026
होमदेशकांग्रेस मोदी को हराएगी, फिर देखना हम क्या करते हैं: गुरुग्राम की सद्भाव यात्रा में बोले राहुल गांधी

कांग्रेस मोदी को हराएगी, फिर देखना हम क्या करते हैं: गुरुग्राम की सद्भाव यात्रा में बोले राहुल गांधी

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की यात्रा में शामिल हुए राहुल गांधी ने कहा कि ECI, ED, CBI और आयकर विभाग के भाजपा द्वारा कथित दुरुपयोग के सामने कोई दूसरी पार्टी टिक नहीं सकती, लेकिन कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ डरने वाले नहीं हैं.

Text Size:

गुरुग्राम: राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में कहा, “कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को हराएगी, फिर देखना हम नरेंद्र मोदी के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं.” उन्होंने मोदी की जल्द हार और उसके बाद उनकी पार्टी क्या करेगी, इसका संकेत दिया.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ‘सद्भाव यात्रा’ में शामिल हुए. उन्होंने खांडसा चौक से SD स्कूल तक करीब एक किलोमीटर पैदल मार्च किया और फिर एक जनसभा को संबोधित किया.

राहुल गांधी ने सभा में कहा, “अब इस देश में सिर्फ दो विचारधाराएं बची हैं. एक भाजपा की — नफरत फैलाने और लोगों को बांटने वाली. दूसरी कांग्रेस की — जो बाबा साहेब के संविधान में भरोसा करती है.”

उन्होंने कहा कि अब कोई दूसरी राजनीतिक पार्टी भाजपा के सामने खड़ी नहीं हो सकती, क्योंकि भाजपा चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और आयकर विभाग का बड़े पैमाने पर “दुरुपयोग” कर रही है.

उनका भाषण बृजेंद्र सिंह की यात्रा की तारीफ से शुरू होकर अमेरिका-भारत व्यापार समझौते और भाजपा पर लगाए गए चुनावी धांधली के आरोपों तक पहुंचा. इसके बाद उन्होंने अपनी सबसे बड़ी बात कही.

उन्होंने भीड़ से कहा, “लिखकर रख लो. कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को हराएगी. फिर देखना हम उनके खिलाफ क्या करते हैं.”

उन्होंने कहा कि आखिर में सिर्फ कांग्रेस ही भाजपा का मुकाबला कर सकती है. राहुल गांधी ने समर्थकों से कहा, “आप मेरे बब्बर शेर हो. आप किसी से डरते नहीं हो.”

हरियाणा चुनाव और बेरोजगारी

राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला.

उन्होंने कहा, “भाजपा ने यहां चुनाव चुराया.” उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल और असम में भी भाजपा इसी तरीके से काम करती है.

उन्होंने कहा कि भाजपा ने लाखों वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए और नए नाम जोड़े. साथ ही चुनाव आयोग भी उसके नियंत्रण में था.

राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि बेरोजगारी आज राज्य और देश की सबसे बड़ी समस्या है.

उन्होंने कहा, “युवाओं के पास डिग्रियां हैं, लेकिन नौकरियां नहीं हैं. छोटे उद्योग बंद हो रहे हैं.”

‘एपस्टीन फाइल और मोदी-अडाणी संबंध’

अपने भाषण के सबसे तीखे हिस्सों में राहुल गांधी ने दावा किया कि अमेरिका-भारत समझौते के तहत मोदी ने “आपका पूरा डेटा अमेरिका को सौंप दिया.” उन्होंने कहा कि बदले में भारत को कुछ नहीं मिला.

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत का कृषि क्षेत्र अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है. उनके मुताबिक, भारत अमेरिका से 9.5 लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदेगा और मोदी ने अमेरिकी अनुमति के बिना तेल नहीं खरीदने पर सहमति दी है.

उन्होंने कहा कि मोदी के ऐसा करने की दो वजह हैं — “एपस्टीन फाइल”, जिसमें उनके मुताबिक मोदी का पूरा इतिहास दर्ज है और अमेरिका में अडाणी के खिलाफ चल रहा आपराधिक मामला.

उन्होंने कहा, “यह मामला अडाणी के खिलाफ नहीं है. यह नरेंद्र मोदी के खिलाफ है. मोदी और अडाणी एक ही हैं. कंपनी का नाम अडाणी नहीं, ‘मोदाणी’ होना चाहिए.”

यात्रा अब पूरी हुई: बृजेंद्र सिंह

बृजेंद्र सिंह ने सभा को बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर निकली ‘सद्भाव यात्रा’ ने 7 अक्टूबर से अब तक 2,700 किलोमीटर का सफर तय किया है.

उन्होंने कहा कि यात्रा ने हर गांव में एक ही संदेश दिया — भाजपा जो नफरत फैला रही है, उससे दूर रहो.

उन्होंने कहा, “आज राहुल गांधी के आने के साथ यह यात्रा पूरी हो गई है.”

हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से 85 सीटों का दौरा कर चुके हैं और बाकी पांच सीटों पर आने वाले दिनों में जाएंगे.

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सभा में कहा कि राहुल गांधी के दौरे से हरियाणा के युवाओं में नई ऊर्जा आई है. उन्होंने कहा, “इस देश का गरीब आपको भविष्य के रूप में देखता है.”

राहुल गांधी से पहले बोलते हुए भूपिंदर सिंह हुड्डा ने हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मिले समर्थन को याद किया. उन्होंने कहा कि उस समय भी हरियाणा के लोगों ने अपना प्यार दिखाया था.

राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राहुल गांधी का स्वागत किया और उनके सिर पर पगड़ी बांधी.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: 5 महीने, 57 सीटें और दार्शनिक जैसी दाढ़ी—हरियाणा कांग्रेस को गति देने निकले बृजेंद्र सिंह


 

share & View comments