scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशकांग्रेस ने कर्नाटक की मुख्य सचिव पर अपमानजनक टिप्पणी के लिए भाजपा विधान पार्षद के खिलाफ शिकायत दी

कांग्रेस ने कर्नाटक की मुख्य सचिव पर अपमानजनक टिप्पणी के लिए भाजपा विधान पार्षद के खिलाफ शिकायत दी

Text Size:

बेंगलुरु, तीन जुलाई (भाषा) कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को विधान परिषद अध्यक्ष बसवराज होरत्ती से भाजपा विधान पार्षद एन रविकुमार के खिलाफ शिकायत की ।

कांग्रेस ने भाजपा विधान पार्षद के खिलाफ विधान सौध पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई।

हाल ही में विधान सौध में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान, रविकुमार ने कथित तौर पर कुछ टिप्पणियां की थीं, जिन्हें कांग्रेस ने अपमानजनक करार दिया।

विधान परिषद में कांग्रेस के मुख्य सचेतक सलीम अहमद ने होरत्ती को दी गई अपनी शिकायत में कहा, ‘‘कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी शालिनी रजनीश के बारे में अपमानजनक, अभद्र और मानहानिकारक बयान देने के लिए सख्त आपत्ति जताते हुए विधान परिषद के सदस्य रविकुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान सरकार के सर्वोच्च पद के सिविल सेवकों के साहस और ईमानदारी को कमतर करते हैं। यह कृत्य संसद की आचार संहिता के नियमों के विरुद्ध है और महिला अधिकारियों के प्रति अनादर दर्शाता है।

उन्होंने विधान परिषद के अध्यक्ष से अनुरोध किया कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और रविकुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करें तथा ‘‘विधान परिषद के नियमों और नैतिक दिशा-निर्देशों के अनुसार उनकी सदस्यता रद्द करें।’’

इस मुद्दे पर मुख्य सचिव की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। रविकुमार भी अपनी प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नहीं थे।

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments