scorecardresearch
Saturday, 4 July, 2026
होमदेशराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच हो : कांग्रेस

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच हो : कांग्रेस

Text Size:

पणजी, चार जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को मांग की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच का आदेश दें।

पणजी में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है, क्योंकि मंदिर में दान के प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

उन्होंने भाजपा को भारत के मंदिरों पर आक्रमणकारियों द्वारा किए गए अतीत के कथित लूटपाट संबंधी उसके अक्सर दिए जाने वाले बयानों की भी याद दिलाई।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि मंदिर में हुई चोरी के असली दोषियों का पता लगाने के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जाए।’’

वेणुगोपाल ने पूर्व केंद्रीय गृह सचिव के उन दावों का भी जिक्र किया, जिनमें कहा गया था कि मंदिर में दान किए गए एक किलोग्राम सोने का सही हिसाब-किताब नहीं रखा गया था।

इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री की ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह किसी आम आदमी का आरोप नहीं है। यह आरोप केंद्र सरकार के एक सेवानिवृत्त गृह सचिव ने लगाया है। अयोध्या राम मंदिर में जो कुछ हो रहा है, वह हम सभी के लिए बहुत दुखद है। यह देश के सभी आस्था रखने वालों के लिए दुखद है।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस के लोग आस्था के कारण ईश्वर में विश्वास करते हैं, लेकिन ‘‘भाजपा के लोग ईश्वर में विश्वास नहीं करते और वे लोगों को बांटने और मंदिर को लूटने के मकसद से धर्म की बात करते हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या मंदिर में हुई चोरी के लिए विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पूरी तरह जिम्मेदार हैं।

कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘भाजपा इस पर चुप क्यों है? प्रधानमंत्री मोदी इस पर खामोश क्यों हैं?’’

उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर को लूटने वालों को केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकारें बचा रही हैं।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments