scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशत्रिपुरा में मुख्यमंत्री के पोस्टर को विरूपित किया गया, पुलिस ने जांच शुरू की

त्रिपुरा में मुख्यमंत्री के पोस्टर को विरूपित किया गया, पुलिस ने जांच शुरू की

Text Size:

अगरतला, 19 अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा पुलिस ने राज्य के उनाकोटि जिले में बंगाली नववर्ष की बधाई देने से संबंधित मुख्यमंत्री माणिक साहा की होर्डिंग पर स्याही फेंककर उन्हें विरूपित करने के मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राज्य में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिले के पैतुरबाजार इलाके में होर्डिंग को खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

सहायक महानिरीक्षक (एआईजी)-कानून व्यवस्था ज्योतिष्मान दास चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन समिति से मुलाकात की और मौखिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू की।’

सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने कैलाशहर अनुमंडल के कुछ स्थानों पर बंगाली नव वर्ष के अवसर पर बधाई देने के लिए मुख्यमंत्री और समाज कल्याण मंत्री टिंकू राय की तस्वीर वाले कई होर्डिंग लगाए थे।

भाजपा की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष संजित लस्कर ने मीडिया से कहा, “सोमवार को पैतुरबाजार में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने मुख्यमंत्री और समाज कल्याण मंत्री के होर्डिंग को अज्ञात लोगों के एक समूह ने विरूपित किया। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कैलाशहर थाने के प्रभारी अधिकारी सिद्धार्थ दत्ता से मुलाकात कर इसमें शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

भाषा जोहेब माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments