जयपुर, 12 नवंबर (भाषा) राजस्थान और उसके आस पास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14-15 नवंबर को प्रदेश के कई स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बरसात होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि वहीं 15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके मुताबिक राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः सूखा रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में 16 नवंबर से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।
बृहस्पतिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य में मौसम सूखा रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.0 डिग्री सेल्स्यिस व न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) एवं माउंट आबू में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा पृथ्वी मनीषा रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.