scorecardresearch
Thursday, 12 November, 2026
होममत-विमतसोनिया गांधी की किताब का विद्रोह उनके खुलासों में नहीं, बल्कि उन में है जिन्हें अनकहा छोड़ दिया गया

सोनिया गांधी की किताब का विद्रोह उनके खुलासों में नहीं, बल्कि उन में है जिन्हें अनकहा छोड़ दिया गया

दूसरे संस्मरणों की तरह यह भी चुनिंदा घटनाओं और अनुभवों पर आधारित होगा, लेकिन इसमें जो बात इसे अलग और क्रांतिकारी बनाती है, वह है इसे लिखने वाले की पहचान.

Text Size:

दो दशकों तक सोनिया गांधी की चुप्पी को उनके खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया. उन्हें ‘रिमोट कंट्रोल’ कहा गया और ऐसी नेता बताया गया जो अपनी बात नहीं समझातीं. अब जब उन्होंने आखिरकार अपनी बात साफ-साफ रखी है, तो बीजेपी उनकी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ़ लव’ (Belonging: A Journey of Love) को “व्हाइटवॉशिंग” (यानी कमियों या गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश) करार दे रही है. जो महिला चुप रहना चुनती है, उस पर शक किया जाता है. जो महिला अपने दिल की बात कहती है, उस पर आरोप लगाए जाते हैं. यह विरोधाभास भारतीय राजनीति के बारे में उस किताब से कहीं ज्यादा बताता है, जो मूल रूप से पितृसत्तात्मक रही है और आज भी है.

अपनी आत्मकथा के प्रकाशित होने से कुछ दिन पहले सोनिया गांधी ने लिखा था कि दूसरे लोग “दशकों से मेरी कहानी बताते रहे हैं” और “अब मेरी बारी है”. भारत में यह बात अहम हो जाती है, जहां महिलाओं की आवाज को तरह-तरह की प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष हिंसा के जरिए दबाया जाता रहा है. महिलाओं की आवाज दबाने की इस कहानी को बृहदारण्यक उपनिषद में गार्गी के प्रसिद्ध प्रसंग तक ले जाया जा सकता है. जब याज्ञवल्क्य को यह डर सताने लगा कि कहीं एक महिला उन्हें बहस में हरा न दे, तो उन्होंने गार्गी को चेतावनी दी कि अगर वह सवाल पूछती रहीं तो उनका सिर गिर जाएगा. इसके बाद गार्गी चुप हो गईं. उनकी बुद्धि से तेज हुई स्वतंत्र आवाज में पुरुषों के बनाए विमर्श को कमजोर करने और खत्म करने की ताकत थी. लेकिन उसी बहस में गार्गी बाद में फिर लौटीं और दोबारा सवाल पूछा. इस परंपरा में उनकी चुप कराने वाली चेतावनी को याद रखा गया है. इसे उस विरोध को भी याद रखना चाहिए, जो गार्गी ने किया था.

सोनिया गांधी को लेकर मेरी समझ यह रही है कि वह ऐसी शख्सियत हैं, जो गार्गी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की हिम्मत करती हैं और राजनीति में उनसे भी आगे जाती हैं. राजनीति एक ऐसा क्षेत्र है, जिसे पुरुषों ने बनाया है और जहां आज भी पुरुषों का दबदबा है और लैंगिक भेदभाव गहराई से मौजूद है. वह 1968 में एक विदेशी महिला के तौर पर भारत आईं और भारत की बहू बनीं. इस भूमिका में उनसे शालीनता, सोच-समझकर बोलने और चुप रहने की उम्मीद की जाती थी. 1991 में वह विधवा हो गईं. सामाजिक नियमों के मुताबिक, उनसे शोक मनाने और खुद को अलग कर लेने की उम्मीद थी. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.

अपनी कहानी खुद लिखना एक बड़ा कदम

बाद में गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं और 2004 में देश की प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गईं. इसके बाद पितृसत्ता ने फिर अपना खतरनाक रूप दिखाया. इस बार उसने एक महिला, जो विपक्ष की वरिष्ठ नेता थीं, का सहारा लिया. उन्होंने कसम खाई थी कि अगर सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनीं तो वह अपना सिर मुंडवा लेंगी और सफेद कपड़े पहनेंगी. ये हिंदू परंपरा में विधवा होने के पारंपरिक प्रतीक हैं, जैसा कि दिप्रिंट ने इस हफ्ते याद दिलाया. यह पहली बार नहीं था. 1999 में गांधी ने अपनी तकलीफ जाहिर की थी, जब छोटी-मोटी राजनीति के लिए उनकी भारत के प्रति वफादारी पर ही सवाल उठाए जा रहे थे.

इससे भी अहम बात यह है कि सोनिया गांधी ने पितृसत्तात्मक दबाव के आगे घुटने नहीं टेके. अपनी सास इंदिरा गांधी की तरह, जिन्होंने खुद को ‘गूंगी गुड़िया’ की तय भूमिका तक सीमित रखने से इनकार कर दिया था, वह भी शुरुआत में हिचकिचाने के बाद राजनीति में आईं और आज तक इसके केंद्र में बनी हुई हैं. सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले UPA गठबंधन के कार्यकाल में 2010 में राज्यसभा ने महिला आरक्षण विधेयक पारित किया था.

उनकी राजनीतिक ताकत की शुरुआत परिवार के नाम से हुई थी और यह बात साफ-साफ कही जानी चाहिए. यहां एक अनोखे विरोधाभास को समझना जरूरी है. पितृसत्ता ने उन्हें एक विधवा की भूमिका दी, जो राजनीति में अपने पति का नाम आगे बढ़ा रही थी. उन्होंने परिवार के राजनीतिक दबदबे के रास्ते से राजनीति में प्रवेश किया और कांग्रेस परिवार के नेतृत्व वाली पार्टी बनी रही. लेकिन उस पद का उन्होंने क्या किया और राजनीतिक प्रक्रियाओं को किस तरह आकार दिया, यह पूरी तरह उनका अपना फैसला था.

अब जब उनकी आत्मकथा प्रकाशित हो चुकी है, तो मुझे इटली की दो नारीवादी विचारक कार्ला लोंजी और लुइसा मुरारो याद आती हैं. 1978 में लोंजी ने अपनी डायरी Taci, anzi parla प्रकाशित की थी, जिसका मतलब है: चुप रहो, नहीं, बोलो. इसी साल जून में निधन हो चुकीं मुरारो ने partire da sé, यानी खुद से शुरुआत करने के विचार पर आधारित राजनीति की बात की थी. उनके मुताबिक, महिलाओं का अधिकार और उनकी ताकत तब शुरू होती है, जब वे अपने अनुभवों के आधार पर बोलती हैं, न कि उन पहचानों और श्रेणियों के जरिए, जो दूसरों ने उनके लिए तय की हैं. सोनिया गांधी ने इन दोनों विचारकों को पढ़ा है या नहीं, लेकिन उनकी आत्मकथा वही काम करती है, जिसके बारे में इन दोनों ने लिखा था.

कई जीवनी लेखकों, उपन्यासकारों, विरोधियों और पूर्व सहयोगियों ने सोनिया गांधी की जिंदगी को अपने-अपने नजरिए से बताया है. उनके आलोचकों ने उन्हें ऐसी विदेशी महिला कहा जो भारत नहीं आना चाहती थीं, इटली की वेट्रेस कहा, ‘कांग्रेस की विधवा’ कहा और इससे भी बुरा कहा. अपनी बीमारी को लेकर हुई जांच-पड़ताल को याद करते हुए वह लिखती हैं, “मैंने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को निजी रखने की कोशिश की थी.” वह सवाल करती हैं, “क्या इसका मतलब यह था कि मुझे थोड़ी-सी भी निजता का अधिकार नहीं मिलना चाहिए था?” इस तरह उनकी आत्मकथा दूसरों से अधिकार लेकर उन्हें खुद के हाथों में देती है.

एक ऐसी महिला का अपनी जिंदगी के बारे में खुद लिखना, जिसे दूसरों का प्रतिनिधित्व करने के लिए खड़ा किया गया था, अपने आप में एक बड़ा कदम है. दूसरी आत्मकथाओं की तरह इसमें भी कुछ बातें चुनी हुई होंगी, लेकिन यहां सबसे अहम बात यह है कि इसे किसने लिखा है. अब सोनिया गांधी खुद अपनी कहानी बता रही हैं. जिस बहू से चुप रहने की उम्मीद की जाती थी और जिस विधवा से खुद को अलग कर लेने की उम्मीद थी, वही अब तय कर रही हैं कि उनकी अपनी जिंदगी का क्या मतलब था. यह सबक सिर्फ एक परिवार तक सीमित नहीं है. यह उन सभी महिलाओं पर लागू होता है, जिनसे समाज की कल्पना में ‘अबला नारी’ यानी असहाय महिला बने रहने की उम्मीद की जाती है.

गार्गी को सवाल पूछने से रोका गया. लोंजी से कहा गया कि वह चुप रहें. सोनिया गांधी को पहले उनकी चुप्पी के लिए दोषी ठहराया गया और अब बोलने के लिए दोषी ठहराया जा रहा है. कोई महिला बोले या चुप रहने का फैसला करे, गलती उसकी आवाज में नहीं, बल्कि समाज के बनाए नियमों में है. Belonging की अहमियत इस बात में ज्यादा है कि वह किस बात को मानने से इनकार करती है, न कि इस बात में कि वह क्या बताती है. वह इस अधिकार को चुनौती देती है कि दूसरे लोग तय करें कि कोई महिला कब बोल सकती है और क्या बोल सकती है.

निखिल संजय-रेखा अडसुले एक वकील हैं. वे TISS के पूर्व छात्र, USA के ‘क्रेइटन पेडेन स्कॉलर’ और IIT-दिल्ली में सीनियर स्कॉलर हैं. वे @Surajya_Raje_ पर ट्वीट करते हैं. विचार निजी हैं.

(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: कैबिनेट, गृह और रक्षा सचिव तीनों सेवा विस्तार पर, अब अपवाद ही बन गया है नियम


 

share & View comments