नई दिल्ली: मध्य प्रदेश सरकार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय समारोह आयोजित करेगी. जबलपुर, धार, आलीराजपुर के जोबट और खंडवा में कार्यक्रम होंगे. 15 नवंबर को धार में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे. राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव भी कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
धार में मुख्यमंत्री डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे. करीब 1,353 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना से धार और आलीराजपुर के 126 गांवों की 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी. इससे करीब 1.26 लाख किसान लाभान्वित होंगे.
परियोजना के तहत नर्मदा नदी के पानी को भूमिगत पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा. इससे गेहूं, चना और सब्जियों सहित विभिन्न फसलों की खेती को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पात्र लोगों को स्वामित्व योजना के तहत जमीन और मकानों की रजिस्ट्री भी सौंपेंगे. इसके अलावा कृषि चौपाल और पाठशालाओं के जरिए किसानों को आधुनिक खेती, जल प्रबंधन और फसल विविधीकरण का प्रशिक्षण दिया जाएगा. धार में स्मार्ट किसान और प्रिसिजन फार्मिंग की लाइव प्रदर्शनी भी लगेगी.