मुंबई, 28 अक्टूबर (भाषा) ‘सीआईडी’ और हॉरर शो ‘आहट’ जैसे टेलीविजन कार्यक्रमों के निर्माता-निर्देशक बृजेंद्र पाल सिंह (77) का मंगलवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।
पंडित ने पोस्ट में लिखा, ‘‘यह जानकर दुख हुआ कि दिग्गज निर्माता-निर्देशक बी.पी. सिंह जी का मंगलवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह एक शानदार फिल्मकार थे, जिन्होंने अपने अपराध आधारित धारावाहिकों ‘सीआईडी’ और ‘आहट’ से पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया। उनका काम आज भी प्रेरणा देता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।’’
पंडित ने सिंह को एक बेहतरीन इंसान और प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि मनोरंजन जगत में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
पंडित ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन निर्देशक संघ (आईएफटीडीए) के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान सिंह के साथ अपने जुड़ाव को भी याद किया।
सिंह का अंतिम संस्कार बुधवार को मुंबई के जोगेश्वरी स्थित ओशिवारा श्मशान घाट में किया गया।
सिंह को 1998 में शुरू हुए अपराध आधारित धारावाहिक ‘सीआईडी’ के निर्माण के लिए जाना जाता था। यह भारतीय टेलीविजन के सबसे लंबे समय तक चलने वाले कार्यक्रमों में से एक बना।
इस धारावाहिक में शिवाजी साटम ने एसीपी प्रद्युमन, आदित्य श्रीवास्तव ने इंस्पेक्टर अभिजीत और दयानंद शेट्टी ने इंस्पेक्टर दया की भूमिका निभाई थी। सिंह भी कभी-कभी धारावाहिक में डीसीपी शमशेर सिंह चिटोले के किरदार में नजर आते थे।
इस धारावाहिक की एक उल्लेखनीय उपलब्धि 2004 में उस समय सामने आई, जब इसकी टीम ने 111 मिनट का एक एपिसोड बिना किसी कट के एक ही बार में शूट किया।
वहीं, ‘आहट’ पहली बार 1995 में प्रसारित हुआ था और दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय बन गया।
सिंह का जन्म देहरादून में हुआ था। 1973 में उन्होंने पुणे स्थित एफटीआईआई से स्नातक करने के बाद दूरदर्शन में समाचार कैमरामैन के रूप में अपना करियर शुरू किया था।
इसके बाद में वह टेलीविजन कार्यक्रमों के निर्माण के क्षेत्र में आए और ‘एक शून्य शून्य’ जैसे कार्यक्रमों पर काम किया। इसके बाद उन्होंने ‘आहट’ और ‘सीआईडी’ बनाया था।
उनके अन्य टेलीविजन कार्यक्रमों में ‘गुटर गू’, ‘हम ने ली है शपथ’ और ‘सुपरकॉप्स वर्सेज सुपर विलेन’ शामिल हैं।
सिंह ने 2018 से 2020 तक एफटीआईआई के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.