scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशशस्त्र प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने को लेकर पीएफआई के राष्ट्रीय समन्वयक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

शस्त्र प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने को लेकर पीएफआई के राष्ट्रीय समन्वयक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने देश भर में हथियार प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने में कथित संलिप्तता को लेकर प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के राष्ट्रीय समन्वयक इब्राहिम पुथनथनी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि पीएफआई, इसके नेताओं और सदस्यों के खिलाफ दर्ज एक मामले की जांच के तहत आगे की कार्रवाई में पुथनथनी उर्फ इब्राहिम एमके के खिलाफ यहां एक विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।

इससे पहले, 18 मार्च को एनआईए ने संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद (एनईसी) के सदस्यों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

एनआईए के प्रवक्ता ने कहा, ‘इब्राहिम (पीएफआई का) राष्ट्रीय समन्वयक होने के नाते पीएफआई की ओर से देश के विभिन्न राज्यों में हथियार प्रशिक्षण शिविर आयोजित व संचालित करने के लिए जिम्मेदार था।’

उन्होंने बताया कि एनआईए की जांच से पता चला है कि पीएफआई कार्यकर्ताओं को भारत के विभिन्न हिस्सों में शारीरिक शिक्षा कक्षाओं की आड़ में हथियारों के इस्तेमाल के लिए व्यवस्थित तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा था और इब्राहिम ने प्रशिक्षण के लिए पाठ्यक्रम तैयार किया था।

प्रवक्ता ने कहा, ‘वह इस तरह के हथियार प्रशिक्षण शिविरों के समन्वय एवं निगरानी के लिए देश भर की यात्रा कर रहा था।’

उन्होंने कहा कि एनआईए ने पीएफआई के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत अतिरिक्त आरोप भी लगाए हैं।

भाषा अविनाश सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments