श्रीनगर, 17 अक्टूबर (भाषा) सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के साथ ‘‘सौतेला’’ व्यवहार किया गया है।
अब्दुल्ला ने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के साथ सौतेला व्यवहार किया है। पहले लोगों की सहमति लिए बिना हमारा विशेष दर्जा खत्म कर दिया गया और ऐतिहासिक राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांट दिया गया। वहीं, जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा अब भी बहाल नहीं हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि संसद और उच्चतम न्यायालय में जम्मू-कश्मीर के लोगों को आश्वासन दिया गया था कि चुनाव के तुरंत बाद राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, चुनाव के दो साल बाद भी इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा कि इससे भी बुरी बात यह है कि जम्मू-कश्मीर की निर्वाचित सरकार को वे अधिकार भी नहीं दिए गए हैं, जो आमतौर पर किसी केंद्रशासित प्रदेश की सरकार को प्राप्त होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उपराज्यपाल का प्रशासन लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के कामकाज में दखल देने और उसके काम में बाधाएं पैदा करने का कोई मौका नहीं छोड़ता।’’
अब्दुल्ला ने कहा कि लोकतंत्र में डराने-धमकाने, दबाव बनाने, उत्पीड़न, भय, अन्याय या लोगों की आवाज दबाने की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान भी ऐसी कार्रवाइयों की अनुमति नहीं देता।
भाषा आशीष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.