scorecardresearch
Saturday, 31 October, 2026
होमदेशग्रेटर नोएडा के पीएनबी बैंक में हेराफेरी के मामले में सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की

ग्रेटर नोएडा के पीएनबी बैंक में हेराफेरी के मामले में सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की

Text Size:

नयी दिल्ली/नोएडा, 30 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा के विभिन्न बचत और सावधि जमा खाताधारकों के करोड़ों रुपये के कथित हेरफेर के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।

सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (गाजियाबाद) ने पीएनबी के नोएडा मंडल के मुख्य प्रबंधक की ओर से 23 अक्टूबर को भेजी गई लिखित शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया।

यह शिकायत ‘सेक्टर पाई’ शाखा की एक कर्मचारी और कुछ अन्य खाताधारकों के खिलाफ की गई थी।

सीबीआई ने प्राथमिकी में शाखा की कार्यालय सहायक दीपांशी, खाताधारक आशुतोष पाठक और कुछ अज्ञात लोक सेवकों तथा निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया है। इन सभी के खिलाफ आपराधिक साजिश, विश्वासघात, धोखाधड़ी, खातों में हेराफेरी और लोक सेवकों द्वारा आपराधिक कदाचार से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके अलावा, प्राथमिकी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।

पीएनबी ने अपनी शिकायत में कहा है कि कथित धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब 16 सितंबर को एक खाताधारक अपने खाते से हुए तीन संदिग्ध निकासी लेनदेन की शिकायत लेकर शाखा प्रबंधक के पास पहुंची।

बैंक के अनुसार, अब तक विभिन्न ग्राहक खातों से 10.24 करोड़ रुपये की अनधिकृत निकासी का पता चला है। आरोप है कि पिछले तीन वर्षों के दौरान इस धनराशि का गबन किया गया। शिकायत के मुताबिक, धोखाधड़ी की वास्तविक राशि का पता लगाने के लिए शाखा में खातों और लेनदेन का मिलान किया जा रहा है।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments