scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशभाजपा 24 मार्च से असम विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करेगी : हिमंत

भाजपा 24 मार्च से असम विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करेगी : हिमंत

Text Size:

(फोटो के साथ)

गुवाहाटी, 19 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन जैसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय नेता विधानसभा चुनाव अभियान का नेतृत्व करेंगे, जो नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी होने के एक दिन बाद, 24 मार्च से शुरू होगा।

शर्मा ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, पबित्रा मार्गेरिटा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और पार्टी प्रबंधन समिति के संयोजक प्रधान बरुआ भी असम में चुनाव प्रचार में भाग लेंगे।

यह चुनाव प्रचार सात अप्रैल को शाम पांच बजे तक चलेगा।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा तथा वोटों की गिनती चार मई को होगी।

भाजपा ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की।

शर्मा ने कहा कि राज्य के कई पार्टी पदाधिकारी भी चुनाव प्रचार में भाग लेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य की जनता हमें भरपूर समर्थन और आशीर्वाद देगी ताकि हम राज्य को विकास के नए आयामों तक ले जा सकें।’’

शर्मा ने जलुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने देने के लिए सैकिया का आभार व्यक्त किया।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments