नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) भाजपा कार्यकर्ता 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर रविवार को पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके में प्रदर्शन करेंगे और इसके जरिए वे कांग्रेस के प्रस्तावित ‘चलो दिल्ली’ मार्च तथा यहां रामलीला मैदान में रैली के समय को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने एक बयान में कहा कि सिख समुदाय चाहता है कि कांग्रेस एक नवंबर, 1984 को उसके कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए निर्दोष सिखों के नरसंहार के लिए माफी मांगे और इसके बाद ही राहुल गांधी के राजनीतिक करियर को नयी ऊर्जा देने की कोशिश करे।
बयान के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के सिख बहुल हरि नगर इलाके में निकाले जाने वाले विरोध मार्च में विभिन्न सिख संगठन भी शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मार्च का नेतृत्व करेंगे।
मल्होत्रा ने कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने अपने विफल नेता के राजनीतिक करियर को नयी ऊर्जा देने के लिए एक नवंबर का दिन चुना है। इससे 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।”
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.