scorecardresearch
Sunday, 5 July, 2026
होमदेशभाजपा अध्यक्ष नवीन ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से मुलाकात की

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से मुलाकात की

Text Size:

लखनऊ, पांच जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की और 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि लखनऊ के दो दिवसीय दौरे पर आए भाजपा प्रमुख ने रविवार की शुरुआत पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्षों के साथ ‘चाय पर चर्चा’ से की।

इसके पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी ने उनसे मुलाकात की।

चौधरी ने अपने ‘एक्‍स’ हैंडल से नवीन से मुलाकात की एक तस्वीर साझा करते हुए एक पोस्ट में लिखा ‘‘अध्यक्ष जी के नेतृत्व में संगठन निरंतर नयी ऊर्जा और नये संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा उप्र में जीत की हैट्रिक अवश्य लगाएगी।’’’

सूत्रों ने बताया कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्षों की बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार नजर नहीं आए।

भाजपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों की एक साझा बैठक की अध्यक्षता भी की।

भाजपा के सहयोगी दलों के नेताओं ने कहा कि बैठक में गठबंधन को मजबूत करने, इसके संगठनात्मक आधार का विस्तार करने और राज्य में राजग की वापसी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाने पर जोर होगा।

बैठक में शामिल होने से पहले राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि सहयोगी दल मिलकर अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

त्यागी ने पत्रकारों से कहा, ‘हमें मिलकर चुनाव लड़ना है और 2027 में उप्र में राजग की जीत सुनिश्चित करनी है। हम उसी की तैयारी कर रहे हैं और आज की बैठक इसी सिलसिले में है।’

निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि बातचीत सभी सीटों पर ‘ऐतिहासिक जीत’ हासिल करने, संगठन को मजबूत करने और गठबंधन की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने पर केंद्रित होगी।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और उप्र सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बैठक में 2017 विधानसभा चुनाव में राजग के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।

राजभर ने कहा, ‘हम सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं और 2017 के चुनावों की तुलना में 2027 के चुनावों में अधिक सीटें हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं।’

अपना दल (सोनेलाल) के नेता और उप्र सरकार के मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी का ध्यान सीटों के बंटवारे पर नहीं, बल्कि राजग की जीत पक्की करने पर है।

पटेल ने कहा, ‘हमने सीटों के लिए नहीं, बल्कि जीत के लिए लड़ाई लड़ी। हम अपने संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।’

भाषा आनन्द रंजन शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments