गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हिमंत बिस्व सरमा को बधाई दी है.
प्रधानमंत्री ने इसे “असम के लिए बड़ा दिन” बताते हुए कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बेहतरीन प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई है और राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “असम के लिए बड़ा दिन है. लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार ने सत्ता संभाली है. डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा जी को शपथ लेने पर बधाई. उन्होंने शानदार प्रशासक के रूप में अपनी छाप छोड़ी है और राज्य के लिए अग्रणी काम किए हैं. आने वाले कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं.”
प्रधानमंत्री ने असम सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग को भी बधाई दी.
उन्होंने कहा कि ये सभी नेता असम की विकास यात्रा को और मजबूत करने के लिए काम करेंगे.
हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. यह असम में एनडीए सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल है.
शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे.
सरमा के साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली. इनमें बीजेपी से रमेश्वर तेली और अजंता नियोग, सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से चरण बोरो शामिल हैं.
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता रंजीत कुमार दास को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए उम्मीदवार बनाया गया है.