गुवाहाटी, नौ अक्टूबर (भाषा) असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना जारी रहने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर 81,238 वोट की बढ़त बना ली। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा को 2,96,181 वोट मिले हैं, जबकि अजमल को 2,14,943 वोट मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा 53,624 वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।
सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती शुरू हुई। नगांव में मतगणना दो केंद्रों-
डॉसन उच्चतर माध्यमिक स्कूल और नगांव राजकीय बाल विद्यालय में की जा रही है, जहां प्रत्येक केंद्र पर 14-14 मेज लगाई गई हैं।
इस लोकसभा क्षेत्र में नगांव और मोरीगांव जिलों में फैले आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
दोनों मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को किसी भी जुलूस के आयोजन से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लेने का निर्देश दिया गया है।
मुख्य मुकाबला शर्मा, बोरा और अजमल के बीच है। उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं।
छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। भाषा शोभना वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.