नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री अरुणा ईरानी ने अपने पति कुकू कोहली के निधन के बाद काम पर लौटने की जानकारी दी और मुश्किल समय में साथ देने के लिए शुभचिंतकों का आभार जताया।
अभिनेत्री (80) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें इतने लोगों से समर्थन मिलने की उम्मीद नहीं थी।
उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘आप सभी ने मुझे जो समर्थन दिया, उसके लिए धन्यवाद।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विश्वास नहीं कर पा रही थी कि इतने मुश्किल समय में आप सभी मेरे साथ खड़े होंगे। आपके इसी प्यार और साथ से मुझे ऊर्जा मिली है और आज मैं आपके सामने खड़ी हूं और दोबारा काम कर पा रही हूं। मुझे उम्मीद है कि आप सभी आखिरी सांस तक मेरा साथ देंगे। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।’’
अरुणा ईरानी छह दशक से अधिक समय से फिल्म उद्योग में सक्रिय हैं। उन्होंने हिंदी, कन्नड़ और गुजराती भाषाओं की 500 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है।
उन्होंने 1961 में बाल कलाकार के रूप में अभिनय की शुरुआत की थी। वर्ष 1971 में आई फिल्म ‘कारवां’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसमें उन्होंने निशा नाम की चाकू फेंकने वाली कलाकार और सर्कस कलाकार की भूमिका निभाई थी।
अरुणा ईरानी की शादी फिल्म निर्माता कुकू कोहली से हुई थी। कोहली का 25 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 77 वर्ष के थे।
ईरानी और कोहली की शादी वर्ष 1990 में हुई थी। इससे पहले उनकी शादी रीता कोहली से हुई थी जिनसे उनकी दो बेटियां पूजा कोहली और करिश्मा कोहली हैं।
भाषा संतोष प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.