scorecardresearch
Saturday, 4 July, 2026
होमदेशआंध्र के युवक की गुमशुदगी का मामला: मां ने बेटे की अस्थियां नहीं सौंपे जाने पर दी आत्मदाह की धमकी

आंध्र के युवक की गुमशुदगी का मामला: मां ने बेटे की अस्थियां नहीं सौंपे जाने पर दी आत्मदाह की धमकी

Text Size:

विजयवाड़ा, चार जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश में लापता युवक गाडे साई कृष्ण की मां ने शनिवार को चेतावनी दी कि यदि उन्हें उनके बेटे की अस्थियां नहीं सौंपी गईं तो वह सड़क पर आत्मदाह कर लेंगी।

साई कृष्ण की मां गाडे विजयलक्ष्मी का आरोप है कि विजयवाड़ा के कृष्णालंका थाने के पूर्व प्रभारी एसएसवीवी नागराजू ने पुलिस हिरासत में उनके बेटे की यातनाएं देकर हत्या कर दी और परिवार को जानकारी दिये बिना उसका चोरी-छिपे अंतिम संस्कार कर दिया।

रोते हुए विजयलक्ष्मी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे केवल अपने बेटे की अस्थियां चाहिए। अगर वे नहीं मिलीं तो मैं सड़क पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कर खुद को आग लगा लूंगी।’’

उन्होंने कहा कि दो महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला, बल्कि उनके बेटे को अपराधी बताकर बदनाम किया जा रहा है।

उनका दावा है कि कुछ मामले लंबित रहने के बावजूद साई कृष्ण ‘‘ईमानदार’’ था और नागराजू ने उसके शरीर में कीलें ठोंककर उसकी निर्मम हत्या की।

उन्होंने कहा, ‘‘उसे क्यों मारा गया? किस वजह से मारा गया? इसमें कौन-कौन शामिल था? यह आप सबकी जिम्मेदारी है, सच सामने लाइए।’’

इस बीच, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेताओं अंबाती रामबाबू, टीजेआर सुधाकर बाबू और मल्लादी विष्णु ने मामले की न्यायिक जांच और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

रामबाबू ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार सर्किल इंस्पेक्टर नागराजू को ही एकमात्र आरोपी बनाकर असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिरासत में हुई यह मौत पूरे देश को झकझोर कर रख देने वाली है और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन डेटा तथा अन्य सभी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भाषा गोला सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments