scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशकानपुर में झोपड़ी पर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बुजुर्ग महिला और उसकी बहू की मौत

कानपुर में झोपड़ी पर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बुजुर्ग महिला और उसकी बहू की मौत

Text Size:

कानपुर, 30 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर में ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर झोपड़ी पर पलट गई, जिससे उसमें सो रही एक बुजुर्ग महिला और उसकी बहू की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) अर्चना सिंह ने बताया कि हादसा 29 और 30 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब दो बजे फजलगंज क्षेत्र में दादा नगर पुल की ढलान पर हुआ।

उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सीटीआई पुल से विजय नगर की ओर जा रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के खंभे से टकराने के बाद सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी पर पलट गई।

उन्होंने बताया कि ट्रॉली में ईंटें लदी थीं और झोपड़ी में सो रहे परिवार के चार सदस्य उसके नीचे दब गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों और मेट्रो कर्मचारियों की मदद से क्रेन मंगवाकर ट्रॉली हटवाई और लोगों को बाहर निकाला।

सिंह ने बताया कि घायलों को लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सियावती सिंह (65) और उनकी बहू पुष्पा देवी उर्फ अंजना (40) को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि हादसे में पुष्पा के पति सजीवन सिंह और उनकी बेटी मिष्ठी भी घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और वाहन पर सवार मजदूर मौके से भाग गए। घटना में दो महिलाओं की मौत की खबर फैलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया।

सूत्रों ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments