पंचकूला, 30 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के पंचकूला में एक स्कूल की कक्षा के अंदर आठ वर्षीय लड़के ने छह साल की बच्ची पर कथित तौर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची को चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर को हुई थी।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे घटना के कथित वीडियो में लड़का बच्ची के बाल पकड़कर उसका सिर बार-बार मेज पर पटकता दिखाई दे रहा है। वीडियो में बच्ची के फर्श पर गिरने के बाद लड़के कथित तौर पर उसे लात मारते और ईंट जैसी किसी वस्तु से उस पर हमला करते देखा जा सकता है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरिंदर सिंह ने पुष्टि की कि लड़के की उम्र आठ साल और बच्ची की उम्र छह साल है।
घटना के कारण के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि लड़के की चिकित्सकीय स्थिति देखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सात से 12 वर्ष की आयु के बच्चों से जुड़े मामलों में आकलन कराया जाता है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण बच्ची को चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच के तहत स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है।
भाषा राखी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.