नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री यामी गौतम 20 अक्टूबर को विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में रावण वध करेंगी।
लव कुश रामलीला का आयोजन दिल्ली के लाल किला मैदान में होता है। गौतम ने हाल ही में अपनी नयी फिल्म ‘नई नवेली’ के एक दृश्य में रावण वध किया था। अभिनेत्री लव कुश रामलीला में हजारों दर्शकों के सामने रावण पर प्रतीकात्मक तीर चलाएंगी।
इस बार रामलीला की थीम ‘‘नारी का सम्मान’’ है।
लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि अभिनेत्री ‘‘दिल्ली और पूरे देश की महिलाओं का प्रतिनिधित्व करेंगी और यह सशक्त संदेश देंगी कि बुराई पर अच्छाई की जीत में महिलाओं की भी समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका होती है।’’
उन्होंने एक बयान में कहा, “इस साल हमारी रामलीला की थीम ‘नारी का सम्मान’ है। हमारा मानना है कि महिला न केवल प्रेम, करुणा और शक्ति का प्रतीक है, बल्कि उसमें अन्याय और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ खड़े होने का साहस भी है। इसी सोच के साथ हमने इस दशहरे पर रावण वध करने के लिए यामी गौतम को आमंत्रित किया है।”
पिछले कई वर्षों में अक्षय कुमार, अजय देवगन, जॉन अब्राहम, प्रभास, करीना कपूर और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी सहित बॉलीवुड की कई हस्तियां लव कुश रामलीला में भव्य रावण वध समारोहों से जुड़ी रही हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.