अलीगढ़, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर भीड़भाड़ वाले इलाके में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान एटा जिले के निवासी मुजीबुर्रहमान (47) के रूप में हुई है। दोपहर के समय जमालपुर रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति का शव लटका देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि छोटे व्यापारी मुजीबुर्रहमान की पत्नी पिछले करीब तीन सप्ताह से किसी बीमारी के इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती थीं।
पुलिस को संदेह है कि पत्नी की लंबी बीमारी के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थे और इस पारिवारिक संकट को सहन नहीं कर पाए। हालांकि, पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्वम सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की परिस्थितियों की पुष्टि हो सकेगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.