प्रयागराज, 23 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगानगर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को एक व्यक्ति की कथित तौर पर फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (गंगानगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बादलपुर गांव से सूचना मिली कि जमीन के विवाद में एक व्यक्ति की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पैतृक जमीन के एक हिस्से पर संतोष कुमार (40) ने मकान बनवाया था, जबकि शेष हिस्से में उसके भाई विनोद और अशोक मकान का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान रास्ता छोड़ने को लेकर संतोष और उसके दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया।
गुनावत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर तीनों के बीच मारपीट हुई। आरोप है कि विनोद और अशोक ने फावड़े से संतोष पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने घटना के संबंध में पूछताछ के लिए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.