अमरेली, तीन नवंबर (भाषा) गुजरात के अमरेली जिले में पीपावाव बंदरगाह के पास अरब सागर में एक शेर की डूबने से मौत हो गई। ऐसा लगता है कि इलाके पर वर्चस्व को लेकर अन्य शेरों से हुई लड़ाई के दौरान, वहां से बचने की कोशिश में यह शेर समुद्र में कूद गया होगा। वन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई।
राजुला रेंज के क्षेत्र वन अधिकारी (आरएफओ) डी. के. मकवाना ने कहा, ‘‘लड़ाई के एक दिन बाद मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे बंदरगाह के घाट के पास समुद्र में एक शेर का शव पाया गया। यह जगह पटवा गांव के तट से लगभग तीन किलोमीटर दूर है। मृत शेर की उम्र करीब छह साल थी।’’
उन्होंने बताया कि सोमवार को पटवा में समुद्र तट के पास तीन शेर देखे गए थे। संभव है कि उनके बीच इलाके पर वर्चस्व को लेकर लड़ाई हुई हो, जिसके बाद बचने की कोशिश में वह शेर समुद्र में कूद गया होगा।
मकवाना ने कहा, ‘‘नर शेर अक्सर अपने इलाके को लेकर आपस में लड़ते हैं। आमतौर पर जो शेर ज्यादा ताकतवर होता है वह जीत जाता है, जबकि बाकी वहां से भाग जाते हैं। हो सकता है कि किसी दूसरे शेर से हुई लड़ाई के बाद, डर के मारे यह शेर वहां से भाग गया हो।’’
उन्होंने बताया कि माना जा रहा है कि शेर दूसरी तरफ जाने और कोई सुरक्षित जगह खोजने की कोशिश में चंच बंदर इलाके के पास समुद्र में उतर गया था।
सोमवार को स्थानीय लोगों ने भी इस जानवर को पानी में जाते हुए देखा और बाद में वन विभाग के कर्मचारियों ने उस जगह के पास उसके पैरों के निशान देखे।
आरएफओ ने कहा, ‘‘आमतौर पर शेर तैर सकते हैं और अगर दूरी बहुत ज्यादा न हो, तो वे पानी को पार भी कर सकते हैं। हालांकि, हो सकता है कि तैरते-तैरते यह शेर पूरी तरह थक गया हो। हमें इस घटना के बारे में तब पता चला, जब आज दोपहर उसका शव पाया गया।’’
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.