जयपुर, 15 अगस्त (भाषा) राजस्थान में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
राज्यभर में सभी सरकारी और प्रमुख भवनों पर ध्वजारोहण किया गया। स्कूलों तथा अन्य संस्थानों में सांस्कृतिक और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए शर्मा ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और राजस्थान सरकार ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प के साथ काम कर रही है।
राज्य सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास की गति तेज करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘देश के डिजिटल मॉडल की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है और भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनकर उभरा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज पूरी दुनिया भारत की बात ध्यान से सुनती है। भारत आगे बढ़ रहा है और वैश्विक मंच पर उसका कद लगातार बढ़ रहा है।’’
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड के अलावा विभिन्न औपचारिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
वहीं, सभी जिलों में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किए गए, जिनमें प्रभारी मंत्रियों ने भाग लिया और ध्वजारोहण किया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर स्थित लोकभवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) के जवानों ने उन्हें सलामी दी।
बागडे ने इस दौरान लोकभवन परिसर स्थित राजकीय विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपहार और मिठाइयां वितरित कीं। उन्होंने बच्चों से संवाद भी किया और उनके साथ तिरंगा लहराते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से राष्ट्र की समृद्धि और संपन्नता के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोकभवन परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी आह्वान किया।
राजस्थान पुलिस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) संजय अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। अग्रवाल ने राजस्थान पुलिस के 15 मंत्रालयिक कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.